Search News
Tip: Search by heading, content, category, city, state, highlights.
@SZN MEDIA
UP: मेरठ में 68.2 मिमी बारिश, जलभराव से शहर बेहाल, आठ बिजलीघर ठप, 10 जुलाई तक बारिश के आसार
08 Jul 2026, 11:41 AM Uttar Pradesh - Meerut
Reporter : Arun Mishra
Meerut

मेरठ मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने मेरठ शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। एक ओर 33 केवी हाईटेंशन लाइनों में फाल्ट आने से शहर के आठ बिजलीघर ठप हो गए वहीं दूसरी ओर नाले ओवरफ्लो होने से कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं।

कई इलाकों में तीन से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही जिससे पेयजल संकट भी खड़ा हो गया। नगर निगम की टीमों ने जेसीबी और पंप लगाकर जलनिकासी कराई जबकि विद्युत विभाग ने देर शाम तक फाल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की।

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बारिश शुरू होते ही 33 केवी हाईटेंशन लाइनों में फाल्ट आने से शारदा रोड, घंटाघर, रामलीला ग्राउंड-1 व 2, सेंट लुक्स, मंगल पांडे नगर, विश्वविद्यालय रोड और मोहनपुरी बिजलीघर की आपूर्ति बंद हो गई।

इन बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों में तीन से छह घंटे तक बिजली गुल रही। इन्वर्टर जवाब दे गए और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बारिश के बीच विद्युत कर्मचारियों ने फाल्ट दूर करने का काम किया और शाम करीब छह बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई।  

देवलोक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत कई कॉलोनियां के रास्ते जलमग्न 

बारिश के दौरान दिल्ली रोड पर नाला ओवरफ्लो होने से देवलोक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गुप्ता कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर, माधवपुरम सहित कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया। भूमिया पुल क्षेत्र की कई कॉलोनियों में गंदा पानी घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई और कई लोगों ने वीडियो जारी कर शिकायत दर्ज कराई। शास्त्रीनगर, बच्चा पार्क, भैसाली मैदान और अन्य इलाकों में भी जलभराव रहा। नगर निगम की टीमों ने पंप और अन्य संसाधनों की मदद से पानी की निकासी शुरू कर दी।

इन्वर्टर बंद, पीने तक का पानी नहीं मिला

दिल्ली रोड स्थित देवलोक कॉलोनी के ऋषभ, उज्ज्वल, विकास कुमार और सोनू ने बताया कि करीब छह घंटे तक बिजली नहीं आने से भारी परेशानी हुई। सोमदत्त सिटी बी ब्लॉक रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश चंद्र त्यागी ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक बिजली गुल रहने से इन्वर्टर बंद हो गए और लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिला। 

भगवतपुरा निवासी गिरीश मोहन भारद्वाज ने बताया कि लिसाड़ी गेट बिजलीघर से हटाकर शारदा रोड बिजलीघर के भूमिया पुल फीडर से जोड़ने के बाद बिजली व्यवस्था और खराब हो गई है। मंगलवार को दिनभर में केवल दो घंटे बिजली मिली, जिससे पेयजल संकट भी पैदा हो गया। मानसरोवर कॉलोनी के डॉ. गौरव मित्तल ने बताया कि दोपहर बाद से देर रात तक रुक-रुक कर बिजली कटौती होती रही। जेल चुंगी व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय रोड बिजलीघर की आपूर्ति बंद रहने से किला रोड क्षेत्र में भी लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी।

नगर निगम के अधिकारी पहुंचे मौके पर

शहर में जलभराव की सूचना मिलते ही नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर नगर आयुक्त समेत नगर निगम के अधिकारी विभिन्न इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे। कई स्थानों पर जेसीबी और पंप लगाकर जलनिकासी कराई गई। निगम की टीमें देर रात तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी निकालने में 

जुटी रहीं।

मुख्य अभियंता मेरठ जोन प्रथम रजनीकांत मिश्र ने बताया कि 33 केवी हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से आठ बिजलीघरों की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। बारिश के बीच ही टीमों को लगाकर फाल्ट दूर कराया गया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। 

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि देवलोक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इंडस्ट्री क्षेत्र की व्यवस्था यूपीसीडा देख रहा है। दिल्ली रोड पर नाले का प्रवाह बनाए रखने के लिए बारिश शुरू होते ही जेसीबी लगा दी गई थी। टीमें लगातार जलनिकासी में लगी रहीं और देर रात तक कार्य जारी रहा।

निर्माणाधीन सड़कों पर कीचड़, वाहन फिसले

वेस्टर्न कचहरी रोड, मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल रोड, शारदा रोड, ट्रांसपोर्ट नगर तथा कमिश्नर आवास चौराहे से सर्किट हाउस तक सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क और नाला निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के कारण इन मार्गों पर कीचड़ फैल गया और निर्माणाधीन नाले ओवरफ्लो हो गए। कई वाहन फिसल गए तथा राहगीर घायल हुए। लोगों ने निर्माण कार्य और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताई। 

10 जुलाई तक मेहरबान रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर में 68.2 मिमी बारिश हुई। मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। 10 जुलाई तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही मानसूनी गतिविधियों के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह बारिश का सिलसिला जारी रहा तो भूजल स्तर में सुधार होगा, तालाब और जलाशय भरेंगे तथा वातावरण में प्रदूषण का स्तर भी कम होने की उम्मीद है। किसानों के लिए भी यह बारिश खरीफ सीजन की मजबूत शुरुआत साबित हो सकती है।








Latest News

Feed shows today's latest first, then previous days to complete up to 50 items.
thumb
সংবাদকর্মীদের উপর হামলার প্রতিবাদে কলকাতায় বিক্ষোভ, -- তিরঙ্গা যাত্রা
July 28, 2026
thumb
मेरठ में पब्लिक स्कूल संचालक की गुंडागर्दी
July 25, 2026
thumb
প্রশ্নপত্র ফাঁসে কড়া বার্তা প্রধানমন্ত্রী নরেন্দ্র দামোদরদাস মোদির.
July 25, 2026
thumb
UP: ‘विवि के हॉस्टलों में होती है ड्रग्स सप्लाई, कुलपतियों को दिखा चुकी हूं तस्वीरें’ मेरठ में बोलीं राज्यपाल
July 23, 2026
thumb
लखनऊ में एक और अग्निकांड, मेरठ प्रशासन अब भी नहीं ले रहा है सबक
July 21, 2026
thumb
UP: त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की मौत, बागपत में सदमे में परिवार; नीरव मोदी केस में थे जांच अधिकारी
July 21, 2026
thumb
CDO की कुर्सी, 33 साल पुरानी यादें और आशीर्वाद: मेरठ में UP के मुख्य सचिव एसपी गोयल के भावुक पल
July 20, 2026
thumb
एक ही बैरक में पति की हत्यारन मुस्कान समेत पांच महिलाएं, जेल में कर रहीं भजन-कीर्तन और सिलाई का काम
July 20, 2026
thumb
अस्पताल में नर्स को जहर का इंजेक्शन देकर मौत के घाट उतारा, शादी से छुटकारा पाने के लिए प्रेमी ने रची साजिश
July 19, 2026
thumb
मेरठ में धोखाधड़ी के मामले में वकील को पकड़ने आई देहरादून पुलिस को कचहरी में बनाया बंधक, कमरे में किया बंद
July 19, 2026